पीएम मोदी से रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने फोन पर की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सोमवार को फोन पर बातचीत की। इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने 9-10 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने में असमर्थता व्यक्त की। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि इस बैठक में रूस का प्रतिनिधित्व रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव करेंगे। इसके साथ ही दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
पाकिस्तान में पोलियो का कहर, WHO ने यात्रा प्रतिबंध तीन महीनों के लिए बढ़ाया
पाकिस्तानी न्यूज चैनल ARY न्यूज के मुताबिक, मुल्क में पोलियो के बढ़ते खतरे के मद्देनजर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पाकिस्तान पर यात्रा प्रतिबंध को और तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है। यह निर्णय WHO की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम 2005 के लिए बुलाई गई आपातकालीन समिति की बैठक के दौरान लिया गया। बैठक के दौरान पाकिस्तान में पोलियो के उन्मूलन के प्रयासों पर चिंता जताई गई।
इसरो ने रोवर का रास्ता बदला
इसरो ने बताया है कि 27 अगस्त को चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर के सामने 4 मीटर चौड़ा क्रेटर यानी गड्ढा आ गया था। ये रोवर से 3 मीटर आगे था। ऐसे में रोवर को रास्ता बदलने का कमांड दिया गया। रोवर के ऑपरेशन सेमी-ऑटोनॉमस हैं। इसे चलाने के लिए ग्राउंड स्टेशन से कमांड दिए जाते हैं।
चीन ने अपना आधिकारिक नक्शा जारी किया, विवादित क्षेत्रों को अपने हिस्से में दिखाया
चीन ने बीते सोमवार को अपना आधिकारिक नक्शा जारी किया है। जिसमें भारत के अरुणाचल प्रदेश, अक्साई चीन, ताइवान और विवादित दक्षिण चीन सागर को अपने क्षेत्र में दिखाया है। चीन के सरकारी न्यूज पेपर की ओर से इसे एक्स (जो पहले ट्विटर था) पर पोस्ट किया गया। प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय की ओर से होस्ट की जाने वाली स्टैंडर्ड मैप सर्विस की वेबसाइट पर भी नया मैप लॉन्च किया गया है। यह मैप चीन और दुनिया के विभिन्न देशों की सीमाओं की ड्राइंग पद्धति के आधार पर तैयार किया गया है।
नीतीश कुमार ने INDIA गठबंधन का संयोजक बनने से मना किया
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने INDIA गठबंधन का संयोजक बनने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा, मैं कुछ भी नहीं बनना चाहता। ये बात मैं आपको बार-बार कहता आया हूं। मेरी ऐसी कोई इच्छा नहीं है। मैं बस सभी को एकजुट करना चाहता हूं। बता दें, INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को होनी है जिसमें संयोजक के नाम का ऐलान किया जाएगा।
कोटा में फिर सुसाइड, दो छात्रों ने दी जान
टेस्ट सीरीज में कम नंबर आने से तंग दो स्टूडेंट्स ने राजस्थान के कोटा में सुसाइड कर लिया। इसके बाद जिला कलेक्टर ने कोचिंग्स में दो महीने तक टेस्ट लेने पर रोक लगा दी है। अगस्त में अब तक 6 स्टूडेंट्स सुसाइड कर चुके हैं। वहीं इस साल जनवरी से अब तक 24 मामले सामने आए हैं। कोटा के जिला कलेक्टर ने कोचिंग्स में टेस्ट लेने पर रोक लगा दी है। यह रोक फिलहाल दो महीने के लिए लगाई गई है।